पिंटू की हत्या का चौथा आरोपी गया जेल
पुलिस ने मंगलवार की रात को दीनानाथ को पकड़ा
बुधवार को न्यायालय के लिए किया चालान, जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सदर कोतवाली के सकरापार गांव निवासी राहुल पटेल उर्फ पिंटू की हत्या के मामलेे का एक और आरोपी बुधवार को जेल भेजा गया। मंगलवार की रात को पुलिस ने उसे गांव से ही गिरफ्तार कर लिया था। इस हत्याकांड के दो और नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से अभी दूर हैं।
सकरापार गांव निवासी पुजारी मोती यादव की रविवार की रात हुई हत्या के प्रतिशोध में सोमवार की सुबह गांव निवासी राहुल पटेल उर्फ पिंटू की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। उसके पिता ओमप्रकाश पटेल की भी पिटाई की गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी जान बचाई थी। ओमप्रकाश की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गांव निवासी दीनानाथ यादव, चिखुरी यादव, श्री यादव, सुनील यादव सहित कई अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। सुनील यादव और दो किशोरों को मंगलवार को न्यायालय के लिए चालान किया गया था। मंगलवार की रात को सदर कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी दीनानाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे न्यायालय के लिए चालान किया गया। न्यायालय ने हत्यारोपी दीनानाथ यादव को जेल भेज दिया। सदर कोतवाल विजय नारायण का कहना है कि हत्या में एक और आरोपी को जेल भेज दिया गया है। शेष की तलाश कराई जा रही है।
कोतवाली में दो लोगों से हो रही पूछताछ
देवरिया। घटना वाले दिन से ही पकड़े गए मोती यादव के दामाद रामहोशिला यादव और एक अन्य से पुलिस पूछताछ कर रही है। रामहोशिला यादव पुजारी की हत्या का वादी है। उन्होंने पिंटू पटेल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। सदर कोतवाल विजय नारायण का कहना है कि जांच की जा रही है। सही मुल्जिम ही जेल भेजे जाएंगे। बाकी लोगों से पूछताछ की जा रही है।