देवरिया। जिला गोरखपुर फिल्म के निर्देशक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए कोतवाली में तहरीर पड़ी है। विश्व हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष ने मंगलवार की शाम तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फिल्म में गोरक्षपीठ के महंत व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो पर आपत्ति जताते हुए फिल्म को बैन करने की मांग की गई है। हालांकि देर शाम तक केस दर्ज नहीं हो पाया था।
तहरीर में सुभाष तिवारी ने कहा है कि जिला गोरखपुर फिल्म का पोस्टर अखबारों में छपा था। इसमें एक व्यक्ति असलहा लेकर खड़ा है। उसके पास एक गाय बैठी हुई है। युवक केसरिया वस्त्र पहने हुए है, जिसे योगी आदित्यनाथ के रूप में पेश किया गया है। पोस्टर में संत को एक अपराधी दिखाने की कोशिश की गई है। योगी को प्रदेश के साथ ही अन्य प्रदेश के लोग भी मानते हैं। नेपाल के लोगों की भी आस्था मंदिर से जुड़ी हुई है। पोस्टर से हिंदू जनमानस को ठेस पहुंच रहा है। कोतवाल प्रभातेश श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।