गुठनी में घायल किराना व्यवसायी पप्पू वर्नवाल
- फोटो : अमर उजाला
लार। बिहार के सिवान जिले में गुठनी थाना अंतर्गत तेनुआ सोहगरा में गुरुवार की रात पल्सर सवार बदमाशों ने किराना व्यापारी को गोली मारकर तीन लाख रुपये लूट लिए। भाग रहे बदमाशों में से एक को व्यवसायी के भाई ने दबोच लिया। घायल व्यवसायी को सिवान के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश की पिटाई के बाद स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों और व्यवसायियों ने शुक्रवार सुबह तेनुआ मोड़ के पास यूपी-बिहार मुख्य मार्ग जाम कर दिया। करीब तीन घंटे बाद लोगों को समझाबुझाकर जाम खत्म कराया गया।
गुठनी के तेनुआ सोहगरा रोड पर पप्पू किराना की दुकान चलाते हैं। रात करीब आठ बजे एक पल्सर पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश आए और आते ही पप्पू को गोली मारकर दुकान में रखे करीब तीन लाख रुपये कैश लेकर भागने लगे। इसी बीच वहां मौजूद पप्पू के भाई चुन्नू ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया और शोर मचाने लगा। इस बीच बदमाशों ने एक और फायर किया, मगर उनका निशाना चूक गया। तभी गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के अन्य दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि दो बदमाश रुपये लेकर भागने में सफल रहे। घायल व्यवसायी को स्थानीय पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सिवान के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उधर, पकड़े गए अपराधी की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचकर एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि इसी किराना स्टोर पर पिछले माह भी अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था।
---------------
(फोटो समाचार)
जाम लगाकर अपराधियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग
लार। गुठनी के तेनुआ मोड़ के किराना व्यवसायी से लूट व गोली मारने की घटना के विरोध में व्यवसायी व ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह यूपी-बिहार मुख्य मार्ग को तेनुआ मोड़ के पास जाम कर दिया। लोग अपराधियों की गिरफ्तारी व व्यवसायियों की सुरक्षा की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि तेनुआ मोड़ व्यावसायिक बाजार है। इसके बावजूद यहां आए दिन आपराधिक वारदातें हो रही हैं, मगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह ठप रहा। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने आपात सेवाएं प्रभावित नहीं होने दीं। करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसआई विजय कुमार तिवारी व एएसआई राजेश कुमार सिंह ने लोगों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।