देवरिया। एसपी राकेश शंकर ने बृहस्पतिवार की रात छह इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र बदल दिए। एक की थानेदारी छिन गई है तो पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले विनय सिंह को बरहज से हटाकर बघौचघाट भेज दिया गया है।
एक दिसंबर को नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज में भाजपा नेताओं और पत्रकारों पर लाठी बरसाने वाले तत्कालीन सदर कोतवाल राय साहब यादव को रामपुर कारखाना थाने का निरीक्षक बनाया गया है। वह पुलिस लाइन में तैनात थे। रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर प्रभातेष कुमार श्रीवास्तव को बरहज थाने की जिम्मेदारी मिली है। पशु तस्करों पर कार्रवाई करने वाले बरहज के थानेदार विनय सिंह को बघौचघाट का थानेदार बनाया गया है। विनय सिंह पहले बघौचघाट के प्रभारी थानेदार रह चुके हैं। उस दौरान यहां चिकित्सक की हत्या हुई थी। तत्कालीन एसपी राजीव मल्होत्रा ने उन्हें लाइन हाजिर किया था। बघौचघाट के थानेदार आरपी सिंह को डीसीआरबी का प्रभारी बनाया गया है। रवींद्र कुमार रवि को गौरीबाजार थाने से हटाकर एकौना का थानेदार बनाया गया है। एकौना के प्रभारी थानेदार जीतेंद्र सिंह को गौरीबाजार थाने का इंचार्ज बनाया गया है।