देवरिया। भलुअनी इलाके से भागे नाबालिग प्रेमी युगल कोतवाली थाने पहुंच गए हैं। पुलिस और परिवारवालों के लाख समझाने के बाद भी दोनों घर जाने को तैयार नहीं हैं। दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़े हैं। पुलिस मामले में बीच का रास्ता खोज रही है।
भलुअनी इलाके के एक गांव के किशोर और किशोरी के बीच प्रेम संबंध है। इस बात की जानकारी दोनों के परिवार के साथ ही गांववालों को भी है। दोनों के परिवारवालों ने जब पहरा लगाना शुरू किया तो वे घर छोड़ देने का निर्णय ले लिए। शनिवार को घर से निकल लिए। जब मामले की जानकारी दोनों के घरवालों को हुई तो पुलिस को सूचना दी। भलुअनी पुलिस ने दोनों के मोबाइल पर संपर्क किया और नंबर को सर्विलांस पर लगवा दिया। जिससे कि उनका लोकेशन मिल सके। पुलिसवालों ने जब उनको घेरना शुरू किया तो रविवार को दोनों कोतवाली थाने में पहुंच गए। कोतवाली पुलिस की सूचना के बाद दोनों के परिवारवाले पहुंच गए। दोनों से घर जाने की बात कहे, लेकिन दोनों किसी कीमत पर घर जाने को तैयार नहीं हैं। पुलिसवालों ने भी समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों नहीं माने। प्रेमी युगल की जिद से पुलिसवाले भी परेशान हैं।