पांच जोन में बंटा जिला, कैमरे से मेले पर नजर
सकुशल मेला और प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराने को प्रशासन सतर्क
सीसीटीवी कैमरा लगाने और ड्रोन कैमरे की मदद के लिए दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। दशहरा और मूर्ति विसर्जन सकुुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने जिले को पांच जोन में बांटा है। प्रत्येक जोन में एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। विसर्जन जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। घनी आबादी के बीच और बाजारों में सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन कैमरे की भी प्रशासन मदद लेगा।
दो साल पूर्व लार में दुर्गा पूजन व मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदाय के बीच बवाल हुआ था। इसके अलावा जिले की अन्य तहसीलों में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। लिहाजा जिला प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को संपन्न कराने में जुटा हुआ है। सीडीओ, एडीएम और डीएफओ समेत पांच अफसरों को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। तहसील स्तर पर एसडीएम और तहसीलदार की ड्यूटी लगाई गई है। शहर, नगर और ग्रामीण इलाके में मूर्ति विसर्जन जुलूस की वीडियोग्राफी होगी। चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मेले के दिन ड्रोन कैमरे से भी निगरानी होगी। डीएम अमित किशोर ने बताया कि त्योहार पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई होगी। प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, थाने स्तर पर ड्रोन कैमरे की मदद लेने व प्रतिमा विसर्जन जुलूस की वीडियाग्राफी कराने का निर्देश दिया गया है।
डीएम और एसपी ने किया मार्च
देवरिया। गौरीबाजार में डीएम अमित किशोर और एसपी एन. कोलांची ने मातहतों के साथ मंगलवार को पैदल मार्च किया। दशहरा त्योहार सकुशल संपन्न कराने के लिए थानेदार को एसपी ने निर्देश दिया।
लार में 281 लोग पाबंद
लार। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में 127 प्रतिमाएं रखी जाती हैं जो पुलिस रिकॉर्ड में हैं। पूर्व में हुए बवाल को देखते हुए पुलिस ने थानाक्षेत्र के 281 लोगों को 107/116 में पाबंद किया है। इसमें नगर के 150 लोग शामिल है। पुलिस की ओर से हुई कार्रवाई में हिंदूवादी संगठन से जुड़े कई नेता शामिल हैं।