देवरिया। पुलिस अधीक्षक की ओर से जिले में आपरेशन जुगनू चलाया जा रहा है। इसके तहत पांच साल से डकैती, लूट, चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी जैसी घटनाओं में प्रकाश में आए अपराधियों की थानावार सूची तैयार कराई गई है। पुलिस दबिश देकर अपराधियों को पकड़ भी रही है।
पुलिस लाइंस के मनोरंजन कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी राजीव मल्होत्रा ने कहा कि इन अपराधों में संलिप्त रहे लोगों के घर पुलिस दबिश दे रही है। जो बदमाश पकड़े जा रहे हैं, उन्हें थाने में लाकर पूछताछ हो रही है। यदि वे सक्रिय नहीं हैं तो उन्हें छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह योजना 14 जुलाई को तैयार की गई और 22 जुलाई की रात से लागू कर दिया गया। इसमें एएसपी, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और उपनिरीक्षकों को लगाया गया है। एसपी ने बताया कि 57 लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद लोगों को छोड़ा गया। इसमें गौरीबाजार से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर तीन बाइक और एक बिजली का मोटर बरामद किया गया।