देवरिया। सराफ लूटकांड के आरोपी चंद्रशेखर यादव को मंगलवार को पुलिस ने रिमांड पर लिया। छह घंटे की मिली रिमांड में चंद्रशेखर ने पुलिस को घटना में प्रयुक्त तमंचा और एक कारतूस बरामद कराया। नियत अवधि में पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
रौनियारी मोहल्ला निवासी सराफ रोशन वर्मा को आर्य समाज गली स्थित प्रतिष्ठान में गोली मारकर बदमाशों ने गहने लूट लिया था। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। मास्टर माइंड चंद्रशेखर यादव और मृत्युंजय सिंह फरार हो गए थे। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था। चंद्रशेखर यादव ने कोर्ट में समर्पण कर दिया। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट से लूटकांड के आरोपी चंद्रशेखर को रिमांड देने की गुहार लगाई। कोर्ट ने मंगलवार को छह घंटे की रिमांड पर दे दिया। विवेचक इंस्पेक्टर क्राइम शशांक शेखर ने उससे पूछताछ की। वह पुलिस को पुरवां के कुर्ना नाला के किनारे ले गया। उसने यहां से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया। सदर कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम शशांक शेखर राय ने बताया कि आरोपी ने एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। तय वक्त में उसे कोर्ट में पेश कर दिया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोर्ट में समर्पण कर सकता है मृत्युंजय
सराफ लूटकांड में फरार चल रहा 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मृत्युंजय सिंह कोर्ट में समर्पण कर सकता है। जेल में बंद साथियों को किसी माध्यम से उसने यह बात बताई है। लूटकांड में बगहा मठिया गांव का रहने वाला मृत्युंजय सिंह भी आरोपी है। जिले की पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कराया है। कोतवाली पुलिस के साथ ही गोरखपुर एसटीएफ भी उसे खोज रही है, लेकिन किसी को उसकी भनक तक नहीं लग पा रही है। फिलहाल कोतवाली पुलिस चौकन्नी है।