सलेमपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में घर सो रही नाबालिग छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। मंगलवार की देर शाम पुलिस ने तीन युवकों पर केस दर्ज कर लिया। दो आरोपी हिरासत में हैं।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता की मां ने कहा है कि कक्षा-8 में पढ़ने वाली उसकी बेटी सोमवार की रात छोटे भाई-बहनों के साथ घर में सोई थी। इस बीच गांव के तीन युवक टीनशेड से होते हुए घर में घुस गए। बेटी को अगवा कर लिया। घर से कुछ दूर एक गेहूं के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। तहरीर देने के बाद दिन भर पीड़िता व उसके मां-पिता को कोतवाली में पूरे दिन बैठाए रखा गया। मामला बढ़ता देख देर शाम आनन-फानन में पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों पर दुष्कर्म, धमकी व पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। इस बाबत कोतवाल चंद्रिका प्रसाद जैसल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।