देवरिया। दीपक मणि का अपहरण कर करोड़ों रुपये की जमीन बैनामा कराने के मामले के आरोपी जिला पंचायत अध्यक्ष को पकड़ने में जिला पुलिस फेल हो गई है। नौ दिन बाद भी अध्यक्ष का सुराग पुलिस नहीं लगा पाई है। अब अध्यक्ष की तलाश में एसटीएफ गोरखपुर जुटी है। टीम देवरिया और आसपास के जिलों में अपनों सूत्रों की मदद से अध्यक्ष का सुराग लगाने में जुटी है।
देवरिया खास मोहल्ले के रहने वाले दीपक मणि का 20 मार्च को अपहरण कर लिया गया। 17 मार्च को जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव और कई अन्य के नाम से करोड़ों रुपये की संपत्ति बैनामा कराई गई। बहन डॉ. शालिनी शुक्ला की शिकायत पर पुलिस ने 28 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कर लिया। एक मई की रात को अमेठी मोहल्ले से अपहृत दीपक मणि को बरामद किया गया। चार लोगों को जेल भेजा गया। इस मामले में रजिस्ट्री कार्यालय के लोगों की भी मिलीभगत थी। रविवार को छह लोगों को इसी मामले में जेल भेजा गया। सब रजिस्ट्रार समेत तीन लोग सस्पेंड कर दिए गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव को जिला पुलिस नौ दिन बाद भी खोज नहीं पाई है। इसलिए अब यह मामला एसटीएफ के हवाले कर दिया गया है। सीओ सिटी सीताराम का कहना है कि पुलिस लगातार काम कर रही है। जल्द ही अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।