कोतवाली गेट जाम किए लोगों से बात करते सीओ और सड़क पर नारेबाजी करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान बवाल पर पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने मंगलवार को देर रात प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल को निलंबित कर दिया। दूसरी ओर, बुधवार को व्यापारी की पिटाई के विरोध में व्यापारी संगठनों ने नगर में प्रदर्शन किया। उन्होंने कोतवाली का घेराव कर करीब दो घंटे धरना दिया। व्यापारियों ने आरोपी आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ ब्रजेंद्र राय ने आश्वासन दिया कि दो दिन के अंदर गिरफ्तारी होगी। इसके बाद धरना खत्म हुआ।
मंगलवार को आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों और दुकानदारों में जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान ईट पत्थर भी चले थे। मारपीट में चार व्यापारी घायल हो हुए थे। पुलिस ने मौके से तीन आंदोलनकारियों को गिरफ्तार भी किया था। इस मामले में व्यापार मंडल के दबाव बनाने के बाद व्यापारी प्रदीप गुप्ता की तहरीर पर दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट करने के मामले में 15 आंदोलनकारियों के खिलाफ बलवा का केस दर्ज किया गया। घटना के 24 घंटे के अंदर आंदोलन के दौरान शिथिलता बरतने के आरोप में कोतवाल को सस्पेंड कर दिया गया। इधर, बुधवार को आक्रोशित व्यापारियों ने दुकान बंद कर नगर में प्रदर्शन किया। व्यापारी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का गेट जाम कर धरना दिया। साथ ही दो घंटे तक सड़क भी जाम कर दिया। सीओ के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व चेयरमैन छट्ठेलाल निगम, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमापति शुक्ला, महेश वर्मा, आत्माराम निगम, विनोद गुप्ता, दीपक जायसवाल, श्याम जायसवाल, पंकज कन्नौजिया, नंदू जायसवाल आदि मौजूद रहे।