मईल पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब का निरीक्षण करते एसपी
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर। मईल पुलिस ने भागलपुर में 20 लाख रुपये की पंजाब निर्मित क्रेजी रोमियो शराब पकड़ी है। ट्रक में लदी शराब बिहार जा रही थी। सूचना पर पहुंचे एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने एसओ मईल इंस्पेक्टर को दस हजार रुपये पुरस्कार देने व सीओ को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देने की घोषणा की।
शुक्रवार के रात 2.30 बजे मईल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बलिया के तरफ से बिहार ले जाने के लिए पंजाब निर्मित क्रेजी रोमियो शराब का बड़ा खेप ट्रक से आ रहा है। सूचना पर मईल इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार रवि हमराही हेड कांस्टेबल राजेंद्र यादव, कांस्टेबल कमलेश्वर यादव, हेड कांस्टेबल विनय राय, हेड कांस्टेबल इबरार खाँ, कांस्टेबल सनद के साथ पुलिस चौकी भागलपुर में ट्रक का इंतजार करने लगे। तभी ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ट्रक को लेकर भागने लगा। पिंडी मोड़ पर ट्रक छोड़ चालक भागने में सफल रहा। ट्रक में काफी मात्रा में शराब लदी थी, जो प्लाई से ढका था। शराब बरामदगी की सूचना पर सीओ बरहज निष्ठा उपाध्याय ने निरीक्षण किया। उसके कुछ देर बाद एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने मईल थाने पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही थाने के अभिलेखों का निरीक्षण भी किया। एसपी ने कहा कि इंस्पेक्टर मईल को 10 हजार रुपये ईनाम दिया जाएगा, साथ ही सीओ बरहज को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।