देवरिया। सदर कोतवाली के रामनाथ देवरिया सीसी रोड निवासी 11वीं की छात्रा ने शनिवार की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी होने परिवारवाले उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की।
रामनाथ देवरिया सीसी रोड निवासी शिवबचन चौहान फल बेचकर परिवार की जीविका चलाते हैं। उनकी चार संतानों में रानी 17 छोटी थी। वह 11वीं कक्षा में पढ़ाई करती थी। किसी बात से नाराज होकर शनिवार की सुबह वह दुपट्टा का फंदा बनाकर कुंडे के सहारे झूल गई। परिवारवालों ने देखा तो उसे नीचे उतारा, उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। रानी की मौत से बड़ी बहन नेहा, भाई संदीप, कुलदीप, मां सोना देवी और पिता शिवबचन चौहान का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोग यह नहीं समझ पाए कि रानी ने ऐसा कदम क्यों उठाया। उसे पढ़ने-लिखने में कोई दिक्कत नहीं होने दी जा रही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि किशोरी ने फांसी लगाकर जान दी है।