जमीन रजिस्ट्री कराने आ रहे शख्स का अपहरण, झांसी में मिले
रुद्रपुर कोतवाली के मिश्रौलिया गांव के रहने वाले हैं श्याम चौहान
अपहर्ताओं ने झांसी जिले में फेंका, होश आने पर दी जानकारी
सूचना मिलने पर परिवार के लोग श्याम चौहान को लेने झांसी गए
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जमीन की रजिस्ट्री कराने आ रहे एक शख्स का बोलेरो सवार बदमाशों ने कोतवाली क्षेत्र से शुक्रवार की दोपहर बाद अपहरण कर लिया। बदमाशों ने उन्हें झांसी जिले में कहीं फेंक दिया था। वहां की पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। होश आने पर शनिवार को उन्होंने पूरी बात बताई। सूचना के बाद परिवारवाले उन्हें लेने झांसी रवाना हो गए।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव निवासी श्याम चौहान (46) गांव में ही किसी की जमीन रजिस्ट्री करा रहे थे। शुक्रवार की दोपहर बाद वह घर से निकले। बैंक से एक लाख रुपये निकाले और एक लाख रुपये रिश्तेदारों से उधार लिए थे। कुल दो लाख रुपये लेकर वह रजिस्ट्री ऑफिस जा रहे थे कि शहर के किसी स्थान पर बोलेरो सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर जबरन बोलेरो में बैठा लिया। देर शाम तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिवारवाले उनकी खोज करने लगे, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। परिवारवालों की सूचना पर हरकत में आई पुलिस पुलिस भी खोजबीन में जुट गई। उधर, बदमाश उन्हें लेकर झांसी में गए। रुपये छीनकर उन्हें कहीं फेंक दिया। संबंधित थाने की पुलिस ने श्याम चौहान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। होश आने पर उन्होंने पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने फोनकर घरवालों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग श्याम चौहान को लाने के लिए झांसी रवाना हो गए। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि श्याम चौहान झांसी में मिल गए हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।