देवरिया। विद्यालय परिसर में बच्चों व अन्य अध्यापकों के सामने मारपीट करने वाले प्रधानाध्यापक और अध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। दोनों को अलग-अलग विद्यालयों से संबद्ध करते हुए रामपुर कारखाना के बीईओ को पूरे मामले की जांच सौंपी गई है। मामला देसही देवरिया ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बुद्धू खां का है। बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने यह कार्रवाई की है।
प्राथमिक विद्यालय बुद्धू खां में 15 मई को प्रधानाध्यापक शरीफ अंसारी और सहायक अध्यापिका सायमा फरहीन के बीच मारपीट हुई थी। अगले दिन इसी विवाद में फिर दोनों भिड़ गए। उनके समर्थन में कुछ बाहरी लोग भी पहुंच गए थे। इसकी सूचना मिलने पर बीईओ ने 17 मई को विद्यालय पहुंचकर जांच की। अन्य शिक्षकों, रसोइयां व बच्चों से घटना के बारे में पूछताछ की। सभी ने एक स्वर में मारपीट की बात स्वीकार की। विद्यालय स्टॉफ ने बताया कि इससे पूर्व फरवरी में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन बाद में सुलह कर लिया गया। बार-बार विवाद व मारपीट से विद्यालय का माहौल खराब हो रहा है। बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को बीएसए ओमप्रकाश यादव ने प्रधानाध्यापक शरीफ अंसारी व सहायक अध्यापक सायमा फरहीन को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में सायमा प्राथमिक विद्यालय टड़वा और शरीफ अंसारी प्राथमिक विद्यालय छोटी अकटहियां से संबद्ध रहेंगे। बीएसए ने बताया कि इस अवधि में दोनों को सिर्फ जीवन निर्वाह भत्ता इस शर्त के साथ देय होगा कि वह कोई अन्य किसी स्रोत से धनार्जन नहीं कर रहे।