देवरिया। न्यू मेट्रो हास्पिटल में बरामद सरकारी दवाओं के मामले में एसीएमओ ने गुरुवार को संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। एडीएम प्रशासन के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी में जुट गई है। तहरीर में फार्मासिस्ट को झांसा देकर सरकारी दवा व सर्जिकल खरीदने और अस्पताल में अनधिकृत रुप से मेडिकल स्टोर संचालन का आरोप लगाया गया है।
महेन पीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट ने सरकारी दवा शहर के न्यू मेट्रो हास्पिटल में बेच दिया था। पिछले दिनों सीएमओ की अस्पताल के औचक निरीक्षण में इसकी पोल खुली थी। अस्पताल की दूसरी मंजिल पर किचन में छिपाकर रखी गई दवा बरामद हुई। जांच के बाद फार्मासिस्ट को निलंबित कर लार सीएचसी से संबद्ध कर दिया गया। निजी अस्पताल का पंजीकरण दूसरे दिन सीएमओ ने निरस्त कर दिया। इस गुडवर्क के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीटर पर सीएमओ को बधाई दी थी। संचालक के बचाव में कई प्रभावशाली लोग लगे थे, लेकिन प्रशासन के सामने किसी की एक नहीं चली। प्रकरण की एडीएम प्रशासन राकेश पटेल ने जांच शुरू की। सीएमओ की ओर से की गई कार्रवाई की समीक्षा करने के बाद निजी अस्पताल संचालक बिट्टू सिंह पर केस दर्ज कराने का निर्देश दिया। गुरुवार को एसीएमओ डॉ. संजय चंद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इस बाबत कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि तहरीर मिली है। केस दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।