केंद्र संचालक से लूट का रहस्य गहराया, केस दर्ज
कैश निकालने के दावे कर रहे संचालक ने तहरीर में नहीं किया बैंक का उल्लेख
शाखा प्रबंधक ने अपनी शाखा से कैश निकालने से किया इन्कार
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर कारखाना। ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से लूट का मामला और उलझ गया है। संचालक सोमवार तक जिस एसबीआई शाखा से रुपये निकालकर केंद्र पर ले जाने की बात कहता रहा, उसके प्रबंधक ने बैंक से रुपया निकासी को ही खारिज कर दिया है। बहरहाल, संचालक की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के मठिया महुआडीह निवासी धनेश गुप्ता सेमरहा में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। सोमवार की दोपहर में उसने पुलिस को लूट की सूचना दी। उसका कहना था कि एसबीआई रामपुर गैनरिया से वह सात लाख रुपये लेकर केंद्र पर जा रहा था। सेमरहा से कुछ दूर पहले ही बाइक सवार बदमाशों ने असलहा दिखाकर रुपये लूट लिए और भाग गए। हरकत में आई पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो पीड़ित बार-बार बयान बदलने लगा। अंत में उसने साढ़े पांच लाख रुपये लूट की बात कही। हालांकि एसबीआई रामपुर गैनरिया के शाखा प्रबंधक उमेश कुमार का कहना था कि सोमवार को केंद्र संचालक बैंक तो आया था, लेकिन उसके द्वारा कोई निकासी नहीं की गई। उधर, इस बाबत एसओ विनय सिंह ने बताया कि संचालक के बार-बार बदलते बयान मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। मौखिक रुप से वह बैंक से पैसा निकालने की बात कह रहा था, लेकिन तहरीर में बैंक का जिक्र नहीं किया है। तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी।