पिकअप चालक को बदमाशों ने गोली मारी
खुखुंदू चौराहे के समीप शनिवार की रात की है घटना
गाड़ी रोककर बदमाशों ने मांगे रुपये, नहीं देने पर फायर झोंका
पिकअप लेकर भागते समय गड्ढे में पलट गई, स्थिति गंभीर
खलासी की तहरीर पर पुलिस ने लूट के प्रयास का दर्ज किया मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। बिहार के सिवान से आइसक्रीम देकर लौट रहे पिकअप चालक को बदमाशों ने खुखुंदू चौराहे के समीप रोककर रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर बदमाशों ने उसे लक्ष्य कर तमंचे से फायर कर दिया। चालक के पैर में गोली लग गई। इसके बाद वह भागने के चक्कर में कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर पिकअप पलट गई। घायल चालक का मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचार चल रहा है। खलासी की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सलेमपुर सीताराम ने रात में ही मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र के रहने वाले चालक राकेश राजभर और गोंडा जनपद के वजीरगंज थानाक्षेत्र के चंदहर गांव निवासी खलासी रामकुमार सिंह पिकअप से आइसक्रीम लेकर बिहार के सिवान गए थे। शनिवार की आधी रात दोनों लौट रहे थे। दोनों पिकअप लेकर अभी खुखुंदू चौराहे के समीप पहुंचे थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने पिकअप रोककर खलासी रामकुमार से रुपये मांगने लगे। उसने रुपये न होने की बात कही तो बदमाश असलहा लहराने लगे। चालक ने पिकअप लेकर भागने का प्रयास किया। इसी बीच एक बदमाश ने फायर झोंक दिया। हालांकि, चालक पिकअप लेकर भाग निकला। चालक राकेश खुखुंदू पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो पैर में गोली लगने का आभास हुआ। हड़बड़ी में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस मंगाकर दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां से डॉक्टरों ने चालक राकेश को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने खलासी रामकुमार की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुट गई है। प्रभारी एसओ मनोज यादव ने बताया कि देर रात को सीओ सलेमपुर सीताराम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।