देवरिया। बहन के घर जा रही एक महिला का पर्स छीनकर दो युवक भाग गए। घटना शुक्रवार की दोपहर न्यू कॉलोनी मोहल्ले में हुई। पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से लुटेरों की पहचान में जुटी है।
खुखुंदू थानाक्षेत्र के नूनखार गांव निवासी बिंदू देवी पत्नी नागेंद्र तिवारी शुक्रवार की सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस से देवरिया में अपने बहन के घर आ रही थीं। सदर रेलवे स्टेशन पर 11 बजे के बाद वह ट्रेन से उतरकर पैदल ही मालवीय रोड, कोतवाली रोड होते हुए अपनी बहन के घर न्यू कॉलोनी में जा रही थीं। इसी दौरान दो बदमाश पहुंचे और बैग छीनकर पैदल ही भाग गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक बदमाश भाग गए थे। महिला ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। उनका कहना था कि बैग में तीन हजार रुपये, मंगलसूत्र, झुमका, चेन और मोबाइल रखी थी। उन्होंने बताया कि ट्रेन में चोरी के डर से उन्होंने सारा सामान बैग में रख लिया था। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। आसपास के सीसीटीवी कैमरे से बदमाशों के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि तहरीर मिली है, बदमाशों की तलाश कराई जा रही है।