- सोमवार की रात नौ बजे का है मामला, पांच हिरासत में
- पुलिस ने दोनों पक्ष की तरफ से केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सदर कोतवाली के बोडिय़ा अनंत गांव में सोमवार की रात दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चले। एक चार पहिया गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। पुलिस ने एक तरफ से बलवा, हत्या के प्रयास का तो दूसरी तरफ से घर में घुसकर मारपीट का केस दर्ज किया है। पांच लोग हिरासत में लिए गए हैं।
बोडिय़ा अनंत गांव में सुनील राजभर के घर शादी के सालगिरह का कार्यक्रम चल रहा था। गांव निवासी निसार पुत्र फैजुल्लाह और धनंजय राव पुत्र सुरेंद्र राव स्कूटी से रहे थे। रास्ते में खड़े वाहन को हटाने को लेकर विवाद हो गया। निसार का कहना है कि सुनील राजभर और उनके परिवार के लोगों ने दौड़ाकर पीटा। बचाने आए भतीजे सद्दान हुसैन को भी पीट दिया। जबकि सुनील राजभर का कहना है कि उनके घर चल रहे कार्यक्रम में इनलोगों ने पहुंचकर उत्पात मचाया। एक रिश्तेदार की चार पहिया गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। निसार की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने गांव निवासी सुनील राजभर, इंद्रजीत, समीर, आदि, प्रवीण और तीन अज्ञात के खिलाफ बलवा, हत्या के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। वहीं, सुनील राजभर की तहरीर पर पिंटू राव, विशाल राव, सद्दाम अंसारी और निकिल राव के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट का केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि दोनों पक्ष से केस दर्ज कर लिया गया है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।