बंद घर से नकदी समेत कीमती सामान चोरी
सिंधी मिल कॉलोनी का है मामला, घर में मिला एक आधार कार्ड
पीड़ित लालमुनि देवी ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सिंधी मिल कॉलोनी के एक ताला बंद घर को चोरों ने मंगलवार की रात निशाना बनाया। घर में रखे 40 हजार रुपये नकद समेत गहना चोर उठा ले गए। मामले की जानकारी बुधवार की दोपहर परिवारवालों को हुई। पड़ोस के रहने वाले एक युवक का आधार कार्ड मौके पर मिला। पीड़ित परिवार ने उस पर शक जताया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
मूल रूप से बिहार के छपरा निवासी लालमुनि देवी पत्नी रामउग्रह तीन दशक से सिंधी मिल कॉलोनी में मकान बनवाकर परिवार सहित रहती हैं। मंगलवार की सुबह परिवार के लोग मकान में ताला बंद कर गांव चले गए। बुधवार की सुबह बगल की एक किराएदार ने घर का ताला टूटा हुआ देखा तो जानकारी दी। वह लोग 11 बजे घर पहुंचे और डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने सभी लोग घर में गए। सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। घर में पड़ोस के रहने वाले एक युवक का आधार कार्ड मिला। लालमुनी देवी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि घर में रखे 40 हजार रुपये, दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान का झुमका और तीन अंगूठी चोरी हुई है। पुलिस आधार कार्ड के आधार पर युवक की तलाश कर रही है। इस बाबत सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि बंद घर में चोरी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।