कचहरी चौराहे के सामने बीच सडक पर गाडी खडी करने पर एसपी ने शक्ती दिखाइ तो सपा नेता ने हाथ जोड कर गलती स्वीकार की।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। सिविल लाइंस रोड पर बीच सड़क चार पहिया वाहन खड़ा कर मोबाइल पर बात करना एक सपा नेता को महंगा पड़ गया। मौके पर पहुंचे एसपी किरीट राठोड ने सख्ती दिखाई तो सपा नेता हाथ जोड़ माफी मांगने लगे। दोबारा ट्रैफिक नियम नहीं तोड़ने की दलील दी। काफी मिन्नतों के बाद भी एसपी ने शमन शुल्क लेने के बाद ही छोड़ा। करीब पौने घंटे तक एसपी की मौजूदगी में चले अभियान के दौरान कई अन्य प्रभावशाली लोगों पर भी शिकंजा कसा गया।
एसपी किरीट राठोड गुरुवार की सुबह 11 बजे अपने कार्यालय से टीम के साथ अतिक्रमण हटवाने के लिए निकले। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल, टीएसआई रामवृक्ष यादव और कोबरा टीम भी पहुंची। रोडवेज परिसर के पास पहुंचकर एसपी ने एआरएम आरवी विश्वकर्मा से बात की। कहा कि बस रोडवेज परिसर में ही सवारी भरें। यहां से एक प्राइवेट बस और जीप को सीज किया गया। ठेले पर फल बेचने वालों को पीछे कराया गया। हिदायत दी गई कि विद्युत पोल के पीछे ही ठेला लगाएं। इससे थोड़ा आगे सड़क पर चार पहिया वाहन खड़ा कर सपा नेता कमला यादव मोबाइल से बात कर रहे थे। एसपी ने गाड़ी का चालान काटने के निर्देश दिए। जब सपा नेता गाड़ी से नहीं उतरे तो पुलिसवालों ने उन्हें डपट कर नीचे उतारा। एसपी से पहचान न पाने की बात कह एक मौका मांगने लगे, लेकिन एसपी नहीं माने। शमन शुल्क जमा कराने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। पीडब्लूडी कार्यालय के पास भूजा बेचने वालों को अपनी दुकानें और पीछे लगाने की हिदायत दी। इसके बाद सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल और टीएसआई अपनी टीम के साथ मोतीलाल रोड, स्टेशन रोड में सड़क से अतिक्रमण हटवाया।
सड़क पर खड़े 20 से अधिक दो पहिया वाहनों को चालान कराया। आठ हजार रुपये से अधिक शमन शुल्क वसूला गया। एसडीएम सदर दिनेश मिश्र और सीओ सिटी वरुण मिश्र ने मालवीय रोड में कसया ओवरब्रिज तक अभियान चलाया। एसपी किरीट राठोड ने बताया कि बार-बार जाम की शिकायत मिल रही थी। इसलिए सड़क पर निकलकर व्यवस्था देखी गई है। निजी वाहनों को कहीं जगह देने के लिए नगर पालिका से बात की जाएगी। रोडवेज और अनुबंधित बसों को गेट के अंदर ही सवारी भरने के निर्देश दिए गए हैं।