गौरीबाजार। दलित किशोरी के साथ युवक ने रेप किया। शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने युवक की पिटाई कर मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी मेराज नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव का माहौल गरमा गया। हालांकि पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ग्रामीणों को शांत कराया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दलित किशोरी के घर शनिवार की आधी रात को पड़ोसी गांव का एक युवक घुस गया। किशोरी को घर में अकेला देख उसे जबरन घर से कुछ दूरी पर पापुलर के पेड़ के पास ले गया और उसके साथ मुंह काला किया। किशोरी के शोर मचाने के बाद लोग पहुंचे तो युवक भागने लगा। दौड़ाकर युवक को लोगों ने पकड़ा और उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। दो समुदाय का मामला होने के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ गया। आरोपी युवक गांव में किसी के घर रिश्तेदारी में आया था। पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को किसी तरह शांत कराया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक मेराज के खिलाफ दुराचार, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट का केस दर्ज किया है। एसओ परमाशंकर यादव ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने की कार्रवाई चल रही है।