एकौना थाने में जले बिजली के उपकरण
- फोटो : अमर उजाला
एकौना। ढीले व जर्जर तारों के आपस में स्पर्श करने से एकौना थाने में सोमवार शाम हाई वोल्टेज करंट उतर गया। थाने में अचानक बिजली उपकरण जलने से अफरा-तफरी मच गई। सामान जलने से थाने का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
थाने के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरा है। जर्जर तार टूटकर आपस में सट गए। इससे थाने में हाई वोल्टेज करंट उतर गया। इससे बिजली के बोर्ड में लगे मोबाइल के चार्जर ब्लॉस्ट हो गए। साथ ही थाने में लगा इंवर्टर, कंप्यूटर आदि भी जल गए। कंप्यूटर जलने से ऑनलाइन एफआईआर करने की प्रक्रिया पूरी तरह से बंद है। इससे पहले भी 24 मई को ट्रांसफार्मर से हाई वोल्टेज बिजली आ गई थी। इससे थानाध्यक्ष और आरक्यों के कक्ष में लगे पंखे, इंवर्टर भी जल गए। सोमवार शाम दुबारा हाई वोल्टेज करंट आने से थाने के कार्यालय में रखा दो प्रिंटर, कंप्यूटर आदि जल गए। आठ माह पहले थाने का सोलर पैनल भी जल चुका है। अब थाने में बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप है। ऐसे में थाने में तैनात सिपाहियों की परेशानी बढ़ गई है। थाने का सीयूजी नंबर लगा मोबाइल चार्ज करने के लिए चौराहे पर जाना पड़ रहा है। सिपाहियों का मोबाइल बंद होने से सूचनाओं को भेजने में थाने के कार्यालय को परेशान होना पड़ रहा। थानाध्यक्ष ने कहा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।