देवरिया। रेप पीड़ित के मामले में पुलिस की सुस्ती और जिला महिला चिकित्सालय की लापरवाही से नाराज लोगों ने हंगामा किया। जिला महिला अस्पताल में हंगामा के बाद पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया। हंगामा करने वालों का कहना था कि पुलिस और प्रशासन के लोग आरोपियों को बचाना चाह रहे हैं।
रामपुर कारखाना इलाके के एक गांव में शनिवार की दोपहर बाद मायके जा रही महिला के साथ पांच लोगों ने खेत में ले जाकर गैंगरेप किया था। देर रात को परिवारवालों ने रामपुर कारखाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को उठा भी लिया था। इधर, महिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण न होने पर गांववालों ने पहुंचकर हंगामा कर दिया। हंगामे के बाद मौके पर पहुंची सीएमएस डॉ. माला सिन्हा ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया। गांववालों का कहना था कि पुलिस मामले में लापरवाही कर रही है। मेडिकल कराने में देरी की जा रही थी। इतने बड़े मामले में पुलिस लीपापोती करना चाह रही है।