लार (देवरिया)। भाई के साथ बाइक से परीक्षा देने जा रही बीए की छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में भाई भी जख्मी हुआ है। दोनों तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ गए। घटना रामजानकी मार्ग पर सुतावर गांव के पास हुई। चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। हादसे के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल का सीएचसी में उपचार कराया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहना था। सिवान जिले के गुठनी थानाक्षेत्र के तेनुआ गांव निवासी गुलाब मद्धेशिया की बेटी पूजा (19) भाटपाररानी के सुदामा देवी महिला कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। मंगलवार की सुबह अपने भाई राजेश मद्धेशिया के साथ बाइक से परीक्षा देने के लिए घर से निकली। रामजानकी मार्ग पर सुतावर गांव के बाबू मोड़ पर बाइक मेहरौना की तरफ से आ रहे कंटेनर की चपेट में आ गई। खून से लथपथ भाई और बहन को लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। एसओ विजय सिंह गौर ने बताया कि भाग रहे कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है।
सिपाहियों से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले सादे लिबास में दो सिपाहियों की बाइक से टकराने के बाद राजेश की बाइक अनियंत्रित हो कर कंटेनर से टकराई। सिपाहियों के पैर में भी चोट आई। उनका चप्पल भी टूट गया। हादसे के बाद वहां से बाइक सवार सिपाही खिसक गए। सूत्रों की माने तो सुतावर गांव के पास पेट्रोल पंप पर बिहार में आने-जाने लोडेड ट्रक खड़ा रहते हैं। सिपाही सादे लिबास में जाकर उनसे उगाही करते हैं। खाकी की गलती को दबाने के लिए पुलिसकर्मी सिर्फ कंटेनर चालक को दोषी ठहरा रहे हैं।
बेटी को शिक्षक बनाने का सपना रह गया अधूरा
गुलाब मद्धेशिया गुठनी के लउर चट्टी पर मिठाई की दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। पांच बहनों और दो भाइयों में छोटी होने के कारण पूजा सभी की लाड़ली थी। शुरू से पढ़ने में मेधावी होने के कारण घरवाले उसे शिक्षक बनाना चाहते थे, मगर भगवान को शायद कुछ और ही मंजूर था। पूजा की मौत की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य और गांववालों की भीड़ सीएचसी पर उमड़ पड़ी। मां मालती देवी बेटी की लाश देख बदहवाश हो गई। तीन बहनों की शादी हो चुकी है।