भाटपाररानी। थानाक्षेत्र के चनुकी-सोहगरा मार्ग पर बिहार सीमा के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास शुक्रवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले दोनों बदमाशों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी की तहरीर पर शनिवार को कार्रवाई हुई।
शुक्रवार की रात हुई चेकिंग के दौरान महुजा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली कांस्टेबल अखिलेश यादव की पीठ में लगी। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया, बचाव में अपनी ही फायरिंग में बदमाश जख्मी हो गया। उसका साथी उसे छोड़कर मौके से भाग गया। रात में ही पुलिस घायल सिपाही व बदमाश को जिला अस्पताल लाई। देर रात तक उनका उपचार चलता रहा। बाद में उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान शाका पांडेय निवासी ग्राम फुलवरिया पांडेय थाना बरहज के रूप में हुई। घायल बदमाश के बयान पर दूसरे बदमाश की पहचान नीतिश सिंह ग्राम रामपुर बंगरा, थाना तरयासुजान जिला कुशीनगर के रूप में हुई है। वह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। घटना के वक्त दोनों बदमाश देवरिया की ओर से बाइक से आ रहे थे। वे बिहार के सीवान जनपद के ग्राम संग्रामपुर किसी घटना को अंजाम देने जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि फरार बदमाश नीतिश सिंह पर कुशीनगर जनपद के सेवरही थाने में दो स्वर्ण व्यवसायियों के यहां चोरी का केस दर्ज है। एसओ रविंद्र कुमार रवि ने बताया कि जल्दी ही दूसरे बदमाश को भी पकड़ लिया जाएगा। उसकी खोजबीन जारी है।