सलेमपुर। दिल्ली से बुक कराई गई बुलेट लेकर सलेमपुर पहुंचे ट्रक को दरोगा ने कोतवाली में खड़ा करा लिया। बुलेट में खरोंच लगने का खर्च 25 हजार रुपये मांगने लगा। ट्रांसपोर्ट मालिक तक मामला पहुंचा तो उसने एसपी से बात की। इसके बाद कोतवाल ने आनन-फानन में मेंटीनेंस खर्च लेकर ट्रक को छोड़ा।
दिल्ली के शेखर रोड लाइंस ट्रांसपोर्ट से कोतवाली में तैनात एक दरोगा के परिचित ने छह नवंबर को देवरिया के लिए बुलेट बुक कराई। ट्रांसपोर्टर ने ट्रक से बुलेट समेत अन्य लोगों का सामान भेजा। शुक्रवार को भोर में ट्रक देवरिया पहुंची। वर्करों ने दरोगा को फोन किया तो उसने सलेमपुर कोतवाली आने के लिए आग्रह किया। ट्रक चालक सुबह करीब छह बजे सलेमपुर कोतवाली पहुंचा। बुलेट उतारी गई तो उसमें खरोंच आ लग गई थी। यह देख दरोगा भड़क गया। ट्रक चालक से चाभी व कागजात लेकर कोतवाली में बैठा दिया और 25 हजार रुपये की मांग करने लगा। शाम को ट्रक चालक ने फोन कर इसकी जानकारी ट्रांसपोर्ट मालिक को दी। उसने एसपी एन कोलांचि से मोबाइल पर बात कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल से बात कर तत्काल ट्रक छोड़ने का निर्देश दिया। कोतवाल ने बुलेट का मेंटीनेंस खर्च लेकर ट्रक को छोड़ा। कोतवाल श्याम बिहारी ने बताया कि ट्रक को छोड़ दिया गया है, दरोगा ने बेवजह उसे रोका था।