देवरिया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के गोठा रसूलपुर गांव के पास गन्ने के खेत से शनिवार की सुबह पुलिस ने 61 पेटी अवैध शराब बरामद किया। यह अरुणाचल निर्मित है। अधिकारियों की मानें तो होली के दिन इजरही में पकड़े गए शराब से इसका कनेक्शन जुड़ा हुआ है। इसमें शामिल दो लोगों को नामजद करते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रामपुर कारखाना के महुआडीह चौकी पुलिस को मुखबिर ने गोठा रसूलपुर गांव के सत्यनाराण पांडेय के गन्ने के खेत में भारी मात्रा में अवैध शराब होने की सूचना दी। चौकी पुलिस ने वहां तुरंत छापेमारी की। गांव को जोड़ने वाली सड़क के किनारे गन्ने के खेत में अवैध शराब की 61 पेटियां बरामद हुई। एक पेटी में 48 शीशी शराब है। रोमियो क्रेजी ब्रांड की यह शराब अरुणाचल प्रदेश की बनी हुई है। उस पर वहां का लेबल लगा हुआ है। पुलिस और आबकारी टीम जांच कर रही है। गांव में पुलिस के पहुंचते ही दो युवक भागने लगे। उनको दौड़ाकर पकड़ लिया गया। उनसे पूछताछ में पता चला कि शराब रात को एक डीसीएम पर लादकर उस रास्ते से बिहार सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। गाड़ी का चक्का जमीन में फंस गया। ट्रैक्टर बुलाकर खींचकर गाड़ी निकाली गई। इस बीच कुछ माल खेत में रख दिया गया। सुबह हो जाने की वजह से उसे दोबारा लादा नहीं जा सका। गांव के लोगों की मानें तो मौके से जितनी शराब बरामद हुई उससे अधिक लोग उठा ले गए। पकड़ी गई शराब की कीमत तीन लाख के करीब बताई जा रही है।
---
इनसेट में-
दो नामजद लोगों पर केस दर्ज
देवरिया। लगातार मिल रहे अवैध शराब के जखीरों से क्षेत्र में एक बार फिर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस संबंध में रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर एके ओझा ने बताया कि होली के दिन इजरही में जो शराब मिली थी उसी रैकेट का यह भी कार्य है। इसमें शामिल नेरुई अमवा गांव के मुरारी गुप्ता और बालेन्द्र गुप्ता को अभियुक्त मानते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश जारी है। कुछ अहम सुराग हांथ लगे हैं। जल्द ही पूरे रैकेट का खुलासा कर दिया जाएगा। आबकारी निरीक्षक विनय कुमार तिवारी ने बताया कि पिछले दिनों खुखुंदू में बरामद 800 पेटी और इजरही में मिले जखीरे से इस अवैध शराब का सीधा संबंध है। बहुत जल्द आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।