देवरिया। शहर के भीखमपुर रोड स्थित एक दुकान में मंगलवार की देर शाम को बदमाश घुस कर लूटपाट की। विरोध पर दुकानदार के पुत्र और उसकी मां को मारपीट कर घायल कर दिया। बदमाश दुकान से कैश काउंटर में रखा 25 हजार रुपये लूट ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कसया ढाला भीखमपुर रोड के रहने वाले संतोष गुप्ता पुत्र रामलाल गुप्ता जनरल स्टोर की दुकान खोले हुए हैं। मंगलवार शाम को संतोष बाजार से सामान लाने गए हुए थे। इसी बीच बाइक से बदमाश आए और दुकान में घुस कर काउंटर से रुपये निकालने लगे। इस पर दुकान पर बैठे संतोष के पुत्र आकाश ने विरोध किया तो हमलावर उसे मारने पीटने लगे। बेटे की आवाज सुनकर मां मीरा गुप्ता बाहर आई तो बदमाशों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। साथ ही काउंटर में रखा 25 हजार रुपया लूटकर फरार हो गए। आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना डॉयल 100 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच कर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इस संबंध में शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि दुकान में मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस को जांच के लिए भेजा गया है।