आम के पेड़ पर घंटों तक गोलू का शव टंगा रहा।
- फोटो : अमर उजाला
लार। आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े दस वर्षीय बालक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घंटों उसका शव पेड़ के सहारे तार से चिपक रहा। देर शाम टहलने गए युवकों की नजर पड़ी तो किसी तरह शव को नीचे उतरा गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लार थाना क्षेत्र के कुंइचवर गांव निवासी नंदू नट का दस वर्षीय बेटा गोलू बुधवार की दोपहर में रामजानकी मार्ग के समीप खेल रहा था। खेल के दौरान वह आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ गया। इसी दौरान पेड़ से सटकर गुजरे 11 हजार वोल्ट तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दिन भर लोगों को इसकी भनक नहीं लगी। देर शाम तक बालक का शव पेड़ की टहनी से लटका रहा। शाम को सड़क पर दौड़ने निकले युवकों ने बालक का शव देखा तो शोर मचाने लगे। शोर सुन कर आसपास के लोग दौड़ पड़े। आनन-फानन में शव को नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी पाकर परिजन भी पहुंच गए। गोलू का शव देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। एसओ विजय सिंह गौर ने बताया कि शव को पोस्टर्माएम के लिए भेज दिया है।