देवरिया। आकाश हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ताबड़तोड़ छापेमारी की। आरोपी तो पुलिस के हाथ नहीं आए, लेकिन उनके छह से अधिक करीबियों को हिरासत में लिया है। शनिवार को पुलिस उनके संभावित ठिकानों की तलाश में जुटी रही।
सदर कोतवाली के फुलवरिया करन गांव निवासी आकाश (17) पुत्र छोटेलाल निषाद की शुक्रवार की सुबह परसिया अहीर गांव के पास हॉकी से पीट-पीटकर हत्या कर दिया गया। पिता छोटेलाल निषाद की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने रामनाथ देवरिया मोहल्ला निवासी मोनू यादव, जीतेंद्र, रानीघाट गांव निवासी राजू, फुलवरिया लच्छी निवासी विशाल, उमानगर मोहल्ला निवासी अंकित, श्रीधर निवासी अज्ञात के साथ ही कई अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज की लिया। शुक्रवार की रात को सदर कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने रामनाथ देवरिया, उमानगर और फुलवरिया लच्छी गांव में छापेमारी की। आरोपी तो पुलिस के हाथ नहीं आए। आरोपियों से संबंधित छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। शनिवार को भी पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की। आरोपियों के संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया है। शुक्रवार को घटनास्थल से पकड़े गए दोनों किशोर पुलिस की हिरासत में हैं। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई है। आरोपी फरार हो गए हैं, जल्द ही उनको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
डीएम के निर्देश पर रात को हुआ पोस्टमार्टम
आकाश के शव का पोस्टमार्टम रात नौ बजे के बाद हुआ। डीएम के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई पूर्ण का आनन-फानन में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिवारवाले शव लेकर चले गए। रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।