सलेमपुर। मझौलीराज नगर के एक वार्ड से बच्चे को चुराकर भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। घटना सोमवार रात की है। घरवाले तिलक समारोह में व्यस्त थे, तभी युवक ने इसे अंजाम दिया। गांव के बाहर पहुंचते ही लोगों की उस पर नजर पड़ी तो दौड़ाकर पकड़ लिया।
मझौलीराज नगर के शंकर नगर वार्ड निवासी दयाशंकर यादव के चचेरे भाई विजय यादव का तिलकोत्सव था। घर के बरामदे में दयाशंकर का बेटा शुभम (4) व रिश्तेदारी में आया सोनू (2) एक साथ सो रहे थे। परिवार के लोग तिलक समारोह में व्यस्त थे। रात करीब 11 बजे मौका पाकर भाटपाररानी का एक युवक शुभम को गोदी में उठाकर गांव के पश्चिम तरफ जाने लगा। घर से करीब 500 मीटर दूरी पर पहुंचा था, तभी गांव के कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी। बच्चे को पहचान कर युवक से पूछताछ शुरू की तो वह भागने की कोशिश करने लगा। लोगों ने उसे पकड़ लिया और सूचना घरवालों को दी। युवक की पिटाई के बाद यूपी-100 की टीम बुलाकर उसे पुलिस सुपुर्द कर दिया। हालांकि कोतवाल सीपी जैसल ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने बताया कि कोई सूचना उनको नहीं मिली और न ही किसी ने तहरीर दी है।