देवरिया। मालवीय रोड पर आर्य समाज गली में शुक्रवार की शाम हुई दुस्साहसिक वारदात को एकदम फिल्मी स्टाइल में अंजाम दिया गया। एक बाइक पर पहुंचे तीन बदमाशों ने दुकान में घुसते ही दुकानदार पर पिस्टल तान दी। दूसरे साथी ने जैकेट के अंदर रखे प्लास्टिक के बोरे को निकालते हुए सभी सामान उसमें भरने का आदेश दिया। दो बदमाश इस घटना को अंजाम दे रहे थे तो तीसरा उन्हें कवर करते हुए आसपास की गतिविधियों पर नजर रखे था। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज को आधार बनाकर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने में जुटी है।
सराफा व्यापारी रोशन उर्फ बन्नू वर्मा की दुकान पर बदमाश शाम करीब 6.49 बजे पहुंचे। घटना के वक्त दुकान पर मौजूद विक्की के मुताबिक एक बदमाश हेलमेट लगाया था तो दो मंकी कैप और मफलर से चेहरे ढके थे। मजबूत कद-काठी वाले बदमाशों की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। दुकान में घुसते ही एक बदमाश ने रोशन पर असलहा तानते हुए कहा कि जो जहां है, वहीं बैठा रहे। तब तक दूसरे बदमाश ने जैकेट के अंदर से बोरा निकालते हुए सभी सामान उसमें भरने का आदेश दिया। रोशन दुकान में रखा चांदी का आभूषण और नकदी बोरे में भरने लगा। इसी दौरान उसने भी अपना लाइसेंसी असलहा निकालकर बदमाशों पर तान दिया। यह देखते ही बदमाश हड़बड़ाया और फिर फायर कर दिया। गोली काउंटर से टकराते हुए रोशन के गर्दन के पास जा लगी और फिर दूसरी गोली पेट में घुस गई।
बदमाशों से भिड़ गए विक्की और दिलीप
घटना के वक्त दुकान में रोशन के साथ वहां काम करने वाला दिलीप, विक्की, राहुल और गौतम भी मौजूद था। इसमें राहुल चाय लाने जा चुका था। रोशन ने जैसे ही बदमाशों पर असलहा ताना, विक्की और दिलीप ने तत्परता दिखाते हुए बाहर खड़े तीसरे बदमाश को दबोच लिया। पटकते हुए उसे दुकान के बाहर तक ले गए। अपने साथी पर हमले से घबराए बदमाश हवाई फायर करते हुए दुकान से बाहर निकले और उसे छुड़ाने लगे। इसी दौरान उन्होंने दिलीप को पीटा और असलहा तान दिया। लोगों की भीड़ जुटती देख बदमाश भागने लगे।
प्रतिरोध की बजाए, खुद बचने लगे पड़ोसी
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज पर गौर करें तो दिलीप और विक्की जब बदमाशों से जूझ रहे तो आसपास की दुकानें पर भी कई लोग मौजूद थे। बदमाशों को पकड़ने या दिलीप-विक्की का सहयोग करने की बजाए वह दुकान के अंदर छिपते रहे। इसी का लाभ बदमाशों को मिला। बताते हैं कि पड़ोस के एक दुकानदार के पास भी लाइसेंसी असलहा मौजूद था। वह असलहा लेकर बाहर भी निकला, लेकिन बदमाशों के हवाई फायरिंग करते ही वापस दुकान में भाग गया।