चोट से कोमा में चला गया था असलम, डूबने से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, हत्या और हादसे के बीच उलझी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
भटनी। चांदपार गांव के पास नाले में दुकानदार के शव मिलने के मामले में पुलिस हत्या और हादसा के उलझन में फंसती जा रही है। मंगलवार देर शाम मिले पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुकानदार की सिर पर गहरी चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट की मानें तो पहले उसे सिर में चोट लगी, जिससे वह कोमा चला गया। बाद में डूबने से मौत हो गई। पुलिस इसे दुर्घटना बता रही है, जबकि परिजनों ने हत्या का शक जताया है।
भटनी थानाक्षेत्र के सिंगहीडीह गांव निवासी असलम (42) खुखुंदू के परसिया भंडारी में वेल्डिंग की दुकान चलाता है। वहीं वह अपने परिवार के साथ बहनोई के घर रहता था। रविवार शाम दुकान पर काम समाप्त होने के बाद भटनी के घांटी निवासी एक साथी कारीगर को छोड़ने बाइक से भटनी आया था। 115 नंबर रेलवे गेट स्थित एक दुकान पर चार साथियों के साथ उसने शराब पी और रात करीब आठ बजे पत्नी के फोन आने पर घर के लिए निकला। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। उसका मोबाइल भी बंद था। अगले दिन उसकी बाइक भटनी थाने में मिली। पुलिस ने रविवार देर रात कांवरियों से मिली जानकारी के बाद बाइक को भटनी-भरथुआ मार्ग से बरामद किया गया है। काफी प्रयास के बाद भटनी-खुखुंदू सीमा पर स्थित पुलिया से एक बेर के पेड़ में लटका हेलमेट मिला। पुलिया के नीचे नाले में असलम की लाश बरामद हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने हत्या होने की बात कही है। पत्नी मदीना खातून बेटी सैयदा और बेटे शमशाद और नौशाद गम में डूब गए हैं। दो दिनों से उनके घर में भोजन नहीं पका है। इस बाबत एसओ खुखुंदू श्यामलाल यादव ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर चोट के बाद कोमा चले जाने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच चल रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।