रुद्रपुर। विकास खंड बैतालपुर के पंचायत भवन कोईलगड़हा और महीगंज में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एलबी चौधरी के निर्देशन में ट्रिपल ए की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीएचओ, एएनएम, संगिनी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
एचइओ एलबी चौधरी ने कहा कि मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और हाई रिस्क प्रेगनेंसी की निगरानी बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रसव पूर्व जांच के लिए भी प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण सत्रों पर अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मोबिलाइज कर टीकाकरण कराया जाए। जो परिवार टीकाकरण से इन्कार करते हैं उन्हें टीकाकरण के लाभ के बारे में समझाकर सत्र स्थल तक लाने का प्रयास किया जाए।
बैठक में आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड और सी-बैक फॉर्म के संबंध में भी जानकारी दी गई। एलबी चौधरी ने कहा कि आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करें और पात्र लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।