देवरिया। शहर के रामगुलाम टोला निवासी एक दंपती ने साजिश के तहत दो लोगों को भूमि बैनामा करने के नाम पर फर्जी खतौनी दिखाकर करीब डेढ़ करोड़ से अधिक रुपये ले लिया। बैनामा न करने पर आरोपी रुपये लौटाने में आनाकानी कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस को दंपती के खिलाफ तहरीर दी है। जिसके बाद केस दर्ज कर लिया गया।
शहर के देवरिया खास वार्ड नंबर 11 निवासी उमा जायसवाल पत्नी सुरेंद्र जायसवाल ने तहरीर में कहा है कि शहर के रामगुलाम टोला निवासी जागृति चौधरी व उसके पति अजय तिवारी से मित्रवत संबंध है और एक-दूसरे के घर आना-जाना था। पीड़िता के पति सुरेंद्र जायसवाल उन पर विश्वास करते थे। आरोपी दंपति ने सुनियोजित साजिश के तहत मेहड़ा नगर अंदर में जमीन होने और उसकी कूटरचित खतौनी दिखाते हुए 20 कट्ठा जमीन बैनामा करने की बात कही। एक करोड़ 18 लाख रुपये में बात तय हुई। एक करोड़ रुपये बैंक खाता में और शेष रकम घर पर दिया। पूरा पैसा मिलने के बाद बैनामा करने से टालमटोल करने लगा। संदेह होने पर खतौनी निकालने पर जागृति चौधरी का नाम नहीं था। इसके बाद दंपती पैसा वापस करने की बात कहे। तीन साल बाद चेक दिया और कुछ समय बाद चेक बैंक में लगाने को कहा। मोबाइल पर चैटिंग मैसेज भेजकर पैसा देने का झूठा आश्वासन देता रहा। इसके बाद फोन करने पर मोबाइल रिसीव करना बंद कर दिया। साथ ही पीड़िता व उसके पति को विभिन्न माध्यमों से कानूनी कार्रवाई करने व जान से मारने की धमकी दी जाने लगी।
उधर शहर के न्यू कालोनी मोहल्ला निवासी संजय कुमार पांडेय पुत्र लल्लन पांडेय ने तहरीर में कहा है कि रामगुलाम टोला निवासी अजय तिवारी पुत्र स्व. चुम्मन तिवारी व उनकी पत्नी जागृति चौधरी से पारिवारिक संबंध होने के कारण निकटता थी। आरोप है कि अजय तिवारी ने साजिश के तहत अमेठी नगर अंदर स्थित भूमि का फर्जी खतौनी दिखाया। विश्वास में लेकर 55 लाख रुपये में बैनामा करने को कहा। दस लाख रुपये बैंक खाता और 35 लाख रुपये नकद विभिन्न तिथियों में आवास पर बुलाकर दिया। कुछ समय बीतने के बाद खतौनी की जांच कराई तो पता चला कि जागृति चौधरी के नाम भूमि नहीं है। पैसा मांगने पर चेक दिया, लेकिन कुछ दिन बाद पैसा जमा करने की बात कही। बाद में मोबाइल उठाना बंद कर दिया। दोनों पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले में जागृति चौधरी और उसके पति अजय तिवारी निवासी रामगुलाम टोला वार्ड नंबर 20 के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।