अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिले के आठ ब्लॉकों देसही देवरिया, भागलपुर, रुद्रपुर, भटनी, लार, सलेमपुर, पथरदेवा और तरकुलवा में संचालित 17 अनुदानित मदरसों में मध्याह्न भोजन योजना की जांच होगी।
इसके लिए बीएसए अनिल कुमार सिंह ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। हर ब्लॉक में वहां के बीडीओ, बीईओ व लेखाकार को इस कमेटी में नामित किया गया है।
बीएसए की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ मदरसों में मध्याह्न भोजन योजना के संचालन को लेकर शिकायतें मिली हैं, जिसके क्रम में जांच के आदेश दिए गए हैं। इसमें भागलपुर में एक, भटनी में दो, देसही देवरिया में एक, लार में दो, पथरदेवा में आठ, रुद्रपुर में एक, सलेमपुर में एक और तरकुलवा में एक मदरसा शामिल है।