देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के बभनी गांव में दो युवकों को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों पर एसपी-एसटी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बभनी गांव निवासी रामहरद प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार की रात डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती की तैयारी के तहत गांव में सजावट का काम चल रहा था। उनका बेटा कुछ अन्य युवकों के साथ बांस की टहनियां काटने गांव के बाहर गया था।
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी।।
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुन्ना, अभिषेक, जगदीश और राहुल के खिलाफ एसपी एसटी समेत मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला गलतफहमी का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि चार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।