खुखुंदू के खजुरी गांव में शिक्षक से पूछताछ करते सीओ।
- फोटो : DEORIA
शिक्षक पर प्रशासनिक आदेश की अवहेलना का केस दर्ज
दिल्ली के शाहीन बाग से खजुरी गांव में पहुंचे 13 मौलानाओं का मामला
खुखुंदू (देवरिया)। खजुरी गांव के एक शिक्षक के घर दिल्ली के शाहीन बाग से आए 13 मौलानाओं का मामला तूल पकड़ने के बाद मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम की जांच में सब कुछ नार्मल निकला। इसके बाद गांववालों ने राहत की सांस ली। हालांकि, मौलानाओं को शिक्षक के घर में ही क्वारंटीन में रखा गया है। पुलिस ने प्रशासनिक आदेश की अवहेलना करने पर शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिक्षक पर यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के आदेश पर की गई हैं। लॉकडाउन तक पुलिस इनकी निगरानी करेगी।
खुखुंदू थानाक्षेत्र के खजुरी गांव निवासी समीउल्लाह खुखुंदू जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक हैं। उनके यहां दिल्ली शाहीन बाग से 13 मौलाना आए हैं। किसी की जांच नहीं हुई थी। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने तत्काल एडिशनल सीएमओ को अवगत कराया। उन्होंने जांच टीम भेज दिया। बुधवार की देर शाम गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौलानाओं की जांच की। इसके बाद एसडीएम सलेमपुर संजीव कुमार यादव, सीओ वरुण मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक अमला पहुंच गया। अधिकारियों ने देर रात तक मौलानाओं से पूछताछ की। उधर, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शिक्षक समीउल्लाह के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि जांच के बाद सभी को शिक्षक के घर में ही क्वारंटीन में रखा गया है। इसके अलावा शिक्षक पर प्रशासनिक आदेश की अवहेलना करने पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मौलानाओं को 14 दिनों तक किसी से मिलने-जुलने नहीं दिया जाएगा। पुलिस इनकी निगरानी करती रहेगी।