संविदा कर्मियों ने प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन
देवरिया। बकाया वेतन के भुगतान के लिए स्वास्थ्य विभाग के संविदा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जल्द भुगतान कराने की मांग की। कर्मियों ने शीघ्र समस्या का समाधान न होने पर मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री से मिलने की चेतावनी भी दी है।
स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग चतुर्थ श्रेणी के 72 कर्मचारी हैं, जो सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वार्ड ब्वाय एवं स्वीपर कम चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनका वर्ष 2021 के फरवरी व मार्च तथा 2022 का जनवरी से अब तक का वेतन भुगतान नहीं किया गया है, जिससे भरण पोषण में परेशानी हो रही है। इसे लेकर कई बार सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों को पत्रक दिया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हो सका है। उन्होंने जल्द वेतन भुगतान करने की मांग की है। साथ ही कहा कि शीघ्र वेतन भुगतान न होने पर वह मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री से मिलेंगे और उनके सामने अपनी समस्या रखेंगे।
इस दौरान राहुल सिंह, रमेश प्रसाद, मिथिलेश कुमार, ऋषिकेश मणि, वृजेश कुमार यादव, शैलेश मिश्र, अनूप कुमार, मनोज मिश्रा, सुरेश, अखिलेश सिंह, बलवंत सिंह, मुकेश सिंह, राजीव कुमार सिंह, मु. शमशेर अंसारी, अमित कुमार, धर्मेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।