देसही देवरिया। प्रचंड धूप व गर्मी के बीच इमिलिया और पांडेयचक विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की वजह से परेशानी बढ़ गई है। इन दिनों न बिजली आने का समय है न जाने का। कुशीनगर के कसया डिवीजन से इमिलिया विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 हजार मेन सप्लाई आपूर्ति ओवरलोड की चलते प्रतिदिन कई बार बाधित हो रही है।
रास्ते में ही तार पिघलकर गिर जा रहा है। इससे इमिलिया और पांडेचक विद्युत उपकेंद्रों की सप्लाई चरमरा गई है। हर आधे से एक घंटे के भीतर बिजली कट रही है। न आने का समय है न जाने का।
बिजली आने के बाद भी वोल्टेज इतना कम रहा है कि पंखा चलना तो दूर बल्ब भी ठीक ढंग से नहीं जल पा रहे।
लोग अंधेरे में रहने को विवश हैं। धूप और गर्मी के बीच दोनों उपकेंद्रों के उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने की बजाय बढ़ गई है। लोग गर्मी की वजह से त्रस्त हो उठे हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि रात में बार-बार हो रही बिजली कटाैती ने जीना मुश्किल कर दिया है। रात भर टहल कर गुजारना पड़ रहा है।