देवरिया। शहर के वार्ड नंबर 28 रामनाथ देवरिया दक्षिणी में सीसी सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। वार्ड के लोगों को जल्द ही जर्जर सड़क की समस्या से निजात मिलने वाली है। सड़क बन जाने से वर्षों से खराब सड़क का कष्ट झेल रहे लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
वार्ड में करीब 15 वर्ष पहले इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। समय के साथ यह सड़क काफी जर्जर हो गई थी। सड़क जगह-जगह से टूटकर धंस गई है। इससे बच्चों व बुजुर्गों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। बारिश के दिनों में सड़क की दशा और खराब हो जाती थी। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे।
वार्ड के रामकुमार, बबलू आदि का कहना है कि सीसी सड़क बनने से आवागमन में सुविधा होगी। सभासद प्रतिनिधि सुभाष तिवारी ने बताया कि जनहित में नगर पालिका द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ईओ संजय तिवारी ने बताया कि सड़क काफी पुरानी हो गई थी। सभासद के प्रस्ताव पर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।