गौरीबाजार/बखरा। बकाया विद्युत बिलों की वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए बुधवार को बिजली निगम ने बखरा चौराहे सहित आसपास के क्षेत्रों में मास रेड अभियान चलाया।
गौरी बाजार डिवीजन के अधिशासी अभियंता ऋषिकेश सिंह यादव के नेतृत्व में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए इस अभियान में निगम की टीम ने डोर-टू-डोर जाकर सघन चेकिंग की। 102 कनेक्शनों की जांच में 46 उपभोक्ताओं के बकाया बिल पाए गए। इनकी बिजली काट दी गई। अभियान के दौरान 10 उपभोक्ताओं के परिसर में स्मार्ट मीटर लगाए गए, जबकि 1.25 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। इस कार्रवाई में अधिशासी अभियंता के साथ उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता मोहम्मद सलमान खां आदि शामिल रहे। संवाद