दियारा में दूसरे दिन भी चली प्रशासन की कंबाइंड मशीन
बरहज। सरयू नदी पार दियारा क्षेत्र में करीब 102 हेक्टेयर सरकारी जमीन में बोई गई फसल को दूसरे दिन भी प्रशासन ने कंबाइंड मशीन से कटवाया। फसल की कटाई रोकने को लेकर गांव की महिलाएं, अधिकारियों के समक्ष गिड़गिड़ाती रहीं। अधिकारियों ने उनकी नहीं सुनी। मौके पर एहतियातन पीएसी और दस थानों के पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
सुबह सात बजे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गेहूं की फसल की कटाई शुरू कराई गई। प्रशासनिक टीम ने कुरह परसियां में करीब 09 हेक्टेयर फसल की कटाई करा ली थी। वहीं, विशुनपुर देवार में कंबाइंड मशीन लगाकर कटाई कराई जा रही थी। रविवार को राजपुर में करीब 30 हेक्टेयर गेहूं के फसल की कटाई कराई गई थी। फसल कटाई देख महिलाएं लाचार थीं। वहीं, अधिकारी उन्हें समझा रहे थे। हालांकि प्रशासन मंगलवार को होने वाली मतगणना को ध्यान में रखते हुए कटाई पूरा कराने के प्रयास में था। एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र सिंह ने बताया कि फसल की कटाई अंतिम चरण में है।
लगभग 16-17 ट्राली गेहूं सेंटर पर भेजा गया है। मौके पर एसडीएम ध्रुव शुक्ल, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान, सीओ देवआनंद, इंस्पेक्टर टीजे सिंह, एसआई श्रीप्रकाश, सुमित राय, सुनील कुशवाहा, मिथिलेश कुमार, रामराज, अजय कुमार यादव, कानूनगो दिनेश मिश्र, अमरजीत सिंह, दिनेश उपाध्याय, सुनील कुमार, रामप्रताप, हीरालाल मधुकर, दिग्विजय नाथ, शमीम अंसारी, चंद्रजीत जायसवाल, संदीप यादव, योगेंद्र मिश्र, अमरनाथ, रितेश यादव आदि मौजूद रहे।
बड़ी कार्रवाई की तैयारी
बरहज। दियारा क्षेत्र के परसियां-विशुनपुर देवार में करीब 102 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से की गई गेहूं की बुआई पर प्रशासन सख्त है। बुवाई करने वालों और उनका सहयोग करने वाले राजस्व कर्मियों पर प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई बड़ी कार्रवाई की तैयारी में हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच कराकर केस दर्ज कराया जाएगा।