सीएम योगी ने पीएम आवास के लिए जारी किए 18.65 करोड़
देवरिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जिले के प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 3320 लाभार्थियों के बैंक खाते में 18 करोड़ 65 लाख की धनराशि स्थानांतरित की। वन क्लिक के माध्यम से पीएम आवास निर्माण के लिए यह धनराशि जारी की गई है।
कलेक्ट्रेट के एनआईसी में इस जनपद के भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी जुड़े सजीव प्रसारण को देखें जिन्हें कार्यक्रम के उपरांत आवास की स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं उसकी चाबी रामपुर कारखाना विधायक कमलेश शुक्ला, सदर विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी एवं सलेमपूर विधायक काली प्रसाद और जिलाधिकारी अमित किशोर एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन कुंवर पंकज ने उन्हें प्रदान किया। बैंक खाते में पैसा जाने व स्वीकृति पत्र प्राप्त होने पर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। मुख्यमंत्री द्वारा आज किए गए धनराशि स्थानांतरण में जनपद के सभी नगर पालिका एवं नगर निकायों की इस योजना के लाभार्थियों के खाते में 18 करोड़ 65 लाख की धनराशि स्थानांतरित हुई जिसमें 879 लाभार्थियों के खाते में प्रथम किस्त, 205 के खाते में द्वितीय किस्त एवं 2236 लाभार्थियों के खाते में तृतीय किस्त की धनराशि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की स्थानांतरित किया जाना शामिल है। जिन लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र व आवास की चाबी जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा प्रदान की गई उनमें अर्जुन मद्धेशिया, रूपेश, पूनम देवी, नीलू शर्मा, मेघना देवी, चंद्रावती देवी, शोभा देवी एवं चंपा देवी सम्मिलित है। जिलाधिकारी ने कहा कि वे गुणवत्तापूर्ण आवास का निर्माण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यह योजना पूरी तरह नि:शुल्क है इसलिए किसी के बहकावे में न आएं और न ही इसके लिए किसी को कोई धनराशि दें। यदि ऐसा कोई मांग करें तो उसकी सूचना अवश्य ही दें।