देसही देवरिया। दिल्ली में हुए करोड़ों रुपये की जालसाजी के मामले की मंगलवार को भी क्षेत्र में चर्चा जोरों पर रही। महुआडीह थानाक्षेत्र के हरैया बसंतपुर गांव के दोनों आरोपियों से जुड़े करीबी अब नजर नहीं आ रहे हैं। दिल्ली में करोड़ों रुपये की हुई जालसाजी के मामले में दिल्ली पुलिस ने महुआडीह थानाक्षेत्र के हरैया बसंतपुर गांव के राहुल मद्धेशिया और दीनदयाल मद्धेशिया पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
रविवार को दिल्ली क्राइम पुलिस हरैया बसंतपुर गांव में आरोपियों के घर नोटिस तामिल कराने पहुंची। इसी बीच दोनों आरोपियों के घर पर ही होने की जानकारी पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इससे पहले पकड़े जाने की डर से राहुल छत से कूद कर भागने की फिराक में घायल हो गया।
उसका पैर टूट गया। गोरखपुर इलाज कराने के बाद पुलिस दी रात दोनों को छोड़ दिया था। सोमवार को घर के लोग राहुल को दोबारा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां इलाज चल रहा है। मंगलवार को भी इस हाईप्रोफाइल मामले की हर तरफ चर्चा रही। लोगों का कहना है कि आरोपियों के कुछ करीबी दिखाई नहीं दे रहे। महुआडीह के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार राय ने बताया कि दिल्ली पुलिस मामले को देख रही है। स्थानीय पुलिस आरोपियों पर निगाह रखे हुए है।