सीआईबी ने दुकान में छापा मारा, टिकट दलाल गिरफ्तार
36 टिकट समेत भारी मात्रा में सामान बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी(देवरिया)। सीआईबी टीम ने कप्तानगंज आरपीएफ के साथ मिलकर कसया क्षेत्र की एक दुकान में छापा मारकर संचालक को गिरफ्तार किया। टीम को दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित समान और 36 टिकट बरामद हुए। आरोपित के विरुद्ध कप्तानगंज आरपीएफ कार्यालय में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
सीआईबी प्रभारी भटनी अरविंद यादव को सूचना मिली कि कसया क्षेत्र के बहोरापुर साखोपार स्थित पुनीत ट्रैवेल्स सर्विसेज में टिकट की कालाबाजारी की जाती है। टीम ने कप्तानगंज आरपीएफ के उपनिरीक्षक के साथ मिलकर दुकान में रविवार रात छापा मारा। यहां प्रतिबंधित समान, करीब 55 हजार के अग्रिम यात्रा के 36 टिकट, डेस्कटॉप, प्रिंटर, मोबाइल आदि बरामद हुआ। सीआईबी ने दुकान संचालक पुनीत श्रीवास्तव निवासी बहोरापुर साखोपार के खिलाफ कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर केस दर्ज कराया और जेल भेज दिया।
सीआईबी प्रभारी अरविंद यादव ने बताया कि जरूरतमंदों को एक हजार से अधिक रुपये लेकर टिकट की कालाबाजारी करने के आरोप में एक टिकट दलाल को पकड़ा गया है। पूछताछ में अन्य लोगों का नाम भी आया है जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।