संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बरियारपुर। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मेहरौना में पढ़ने वाले 21 बच्चे सोमवार को परिजनों संग घर लौट गए। विद्यालय में रविवार को दोपहर के खाने में कीड़ा मिलने पर बच्चों में भारी नाराजगी के बाद परिजन विद्यालय पहुंचे थे।
बच्चों ने विद्यालय प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए धरना भी दिया था। एसडीएम के मनाने के बाद शांत हुए थे। मामला शांत होने के बाद रात के भोजन में खिचड़ी जली होने की शिकायत पर करीब 60 छात्रों ने खाना नहीं खाया और सो गए।
बच्चों के अभिभावकों ने कहा है कि वे अब बच्चों का नाम इस विद्यालय से कटवा कर दूसरे स्कूल में दाखिला कराएंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को डीसी मनरेगा आलोक पांडेय और समाज कल्याण विभाग के रामजनम ने विद्यालय पहुंचकर जांच की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रविवार की रात भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं थी। बच्चों ने बताया कि मेन्यू में बनी खिचड़ी पूरी तरह जली हुई थी।
रात को प्रिंसिपल व ठेकेदार ने भोजन चखा, तब ठीक रहा। बर्तन में रखी खिचड़ी नीचे की जली हुई थी। बाद में भोजन करने वाले बच्चों को जली खिचड़ी मिली, जिसे खाने से बच्चों ने इन्कार कर दिया।
सफाई व्यवस्था में दिखा बड़ा सुधार : रविवार को एसडीएम श्रृति शर्मा के निर्देश का विद्यालय प्रशासन ने अनुपालन किया था। सोमवार की सुबह विद्यालय का निरीक्षण किया गया तो हर तरफ साफ-सफाई मिली।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की रसोई से लेकर परिसर तक साफ-सफाई नजर आई। पानी की टंकी की भी सफाई कराई गई थी। बच्चों ने भी स्वीकार किया कि सोमवार की दोपहर में मिले भोजन की गुणवत्ता बेहतर थी।