देवरिया/रुद्रपुर/लार। पर्यावरण संरक्षण के लिए सोमवार को विभिन्न विद्यालयों में शपथ दिलाई गई। बच्चों ने स्वच्छता और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प दुहराया। राजकीय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राआें ने पौधरोपण में हिस्सा लेने को कहा। इसके साथ ही पौधों की हिफाजत की बात कही।
प्रधानाचार्य पीके शर्मा ने पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। कलिंद इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य वकील सिंह ने कहा कि पेड़ पौधे जीवन रक्षक हैं। इस दौरान रामसुमेर पांडेय, उग्रसेन शुक्ल, दुर्गेश मल्ल, उमा पांडेय, श्रीनिवास, शीला मिश्र आदि मौजूद रहे। अशोक इंटर कॉलेज बरपार में प्रधानाचार्य मिथिलेश सिंह ने कहा कि वृक्ष की सुरक्षा की जरूरत है।
शिक्षक जाकिर हुसैन ने कहा कि पौधों से आक्सीजन मिलता है। वहीं वन महोत्सव सप्ताह के दौरान विद्यालय के बच्चों और अध्यापकों ने पौध लगाने का संकल्प लिया। ऐसा करने का आदेश शासन से प्राप्त हुआ था। सभी विद्यालय डीआईओएस के व्हाट्सअप नंबर पर इसका फोटो भेजेंगे। प्रभारी डीआईओएस रामहजूर प्रसाद ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को सुबह 11 बजे शपथ लेने का कार्यक्रम था।
इसके लिए एक प्रोफार्मा दिया गया था। इसमें पांच शपथ लिखा गया था। आसपास के खाली स्थान पर पौधा लगाएंगे, देखभाल करेंगे, पशु-पक्षियों और वन्य जीवों का संरक्षण करेंगे, आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे। दूसरी ओर रुद्रपुर में एक से सात जुलाई तक मनाए जा रहे हरियाली सप्ताह के तहत सोमवार को सेमरौना चौराहे पर युवाओं ने पौधरोपण किया।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संचालक तारकेश्वर विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान में मानसून में देरी पर्यावरण में आई प्रदूषण के कारण हो रहा है। सभी को हर साल एक पेड़ लगाकर उसकी सुरक्षा करनी चाहिए। पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता का अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान युवाओं ने सड़कों के किनारे करीब 100 पौधे लगाए।
इस दौरान विकास त्रिपाठी, आलम, सुनील, सरिता शुक्ला, डाली विश्वकर्मा, नीतू यादव, अपर्णा शुक्ला, पूजा, रामेश्वर विश्वकर्मा, मुकेश आदि मौजूद रहे। उधर, लार में ‘ग्रीन यूपी, क्लीन यूपी’ बनाने के लिए प्राथमिक विद्यालय रावतपार अमेठिया में सोमवार को बच्चों को शपथ दिलाया गया। इसके अलावा अन्य परिषदीय विद्यालय में भी शपथ दिलाया गया।
रावतपार अमेठिया में इस अवसर पर शिक्षकों ने वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान प्रधान इंदू देवी, प्रधानाध्यापक आफाक अहमद, संजय कुमार, विनय सिंह, बीना, मीना, मिथिलेश आदि मौजूद रहे।